मातृभूमि और मातृशक्ति का स्थान हमारे जीवन में सर्वोच्च- विधायक शैलेंद्र कुमार जैन
हर दिन शक्ति का पर्व, जिसका केंद्र बिंदु महिला है- महापौर श्रीमती संगीता तिवारी
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, बेटियों को किया सम्मानित
सागर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 08 मार्च, 2025 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में लाडली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को माह मार्च 2025 की मासिक आर्थिक सहायता राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट लिंक के माध्यम से सागर में भी देखा गया। स्थानीय मुख्य कार्यक्रम महाकवि पद्माकर सभागार में आयोजित किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में महिला शक्ति की सहभागिता रही।
स्थानीय कार्यक्रम में सागर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने कहा कि हम अब अबला नहीं बल्कि साबला हैं, हमें आवश्यकता है तो अपनी शक्ति को पहचानने की। हम सभी में अदम्य साहस और शक्ति है, इसे पहचानें और निरंतर आगे बढ़ते रहें। ऐसी महिलाएं जो कहीं ना कहीं अभी भी प्रताड़ित हैं, उन्हें सहयोग कर आगे भी लाएं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास की ओर इंगित करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुरुआत 20 वीं सदी (सन 1908) की शुरुआतमें महिलाओं के अधिकारों की वकालत करने के लिए हुई थी। पहली बार अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में महिलाओं ने अपने लिए वोट देने के अधिकार एवं उचित वेतन के लिए मार्च निकाला था।
श्रीमती वानखेड़े ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन मनाने का दिवस नहीं बल्कि हर दिन नारी अभिनंदन करने का दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह नारियों का सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है वाकई उन्होंने 21वीं सदी को महिलाओं की सदी बना दिया है। उनके नेतृत्व में महिलाओं देश की आधी आबादी का सम्मान बड़ा है। वे देश की तीन करोड़ दीदियों को लखपति बनाने का संकल्प लेकर चल रहे हैं। इसी तरह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा भी महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए लाड़ली बहना जैसी योजनाएं सार्थक साबित हो रहीं हैं। जिस प्रकार स्थानीय निकाय तथा ग्राम पंचायत में 50% आरक्षण के चलते महिलाओं की भागीदारी और जिम्मेदारी दोनों बड़ी है उसी प्रकार केंद्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं के लिए 33% आरक्षण पर भी कार्य किया जा रहा है।
सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि हम उस भारत वर्ष के नागरिक हैं जो प्रतिदिन भारत माता के रूप में अपनी मातृभूमि को नमन करते हैं। विश्व में ऐसी परंपरा अन्यत्र कहीं नहीं है। हमारी मातृ भूमि का स्थान हमारे जीवन में सर्वोच्च है, इसी प्रकार हमारे लिए नारी शक्ति भी प्रथम पूजनीय है। उन्होंने उन्होंने नारी शक्ति की प्रतीक सांसद डॉ. लता वानखेड़े की बात करते हुए कहा कि जिस प्रकार लगातार संघर्ष कर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है वह हम सभी के लिए प्रेरणादाई है। उन्होंने कहा कि सागर के 48 वार्ड में से 24 में हमारी बहनें पार्षद हैं और बखूबी अपनी जिम्मेदारी निभा रहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्लियामेंट में 33% आरक्षण का निर्णय लिया गया है। अब देश का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी, देश को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी आप सभी की है। उन्होंने कुछ पंक्तियों के साथ संपूर्ण मातृशक्ति का अभिनंदन करते हुए कहा कि, नवोन्मेष की शुभ बेला में लेकर दृढ़ विश्वास चलें। समय आ गया लिखें देश का,
फिर स्वर्णिम् इतिहास चलें।
लेकर दृढ़ विश्वास चलें..
महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर दिन शक्ति का पर्व है जिसका केंद्र बिंदु महिला है। आज का यह मंच सशक्त महिलाओं से सुशोभित है। महिलाएं परिवार, समाज, शिक्षा, खेल , अंतरिक्ष सभी क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुकीं हैं श। इतिहास गवाह है कि महिलाओं ने अनेक बार साहसी कदम उठाए और समाज को दिशा देने कार्य किया। महिलाओं ने सिद्ध किया है कि वे किसी क्षेत्र में कम नहीं हैं। समाज को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से महिलाएं आर्थिक, सामाजिक रूप से सशक्त हो रहीं हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि जिस घर में महिलाओं का सम्मान नहीं होता वह कभी उन्नति नहीं करता। मां अहिल्या बाई, लक्ष्मी बाई जैसी अनेक वीरांगनाओं ने हमारे इतिहास को स्वर्णिम बनाया है। और आज समाज, देश के हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी पहचान बना रहीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा भी लाड़ली बहना जैसी योजना के माध्यम से महिलाओं को सशक्त, समृद्ध और स्वावलंबी बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में श्री श्याम तिवारी, सुश्री रानी कुशवाह ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर श्रीमती अनुश्री जैन,राज्य बाल आयोग सदस्य ओंकार सिंह, सुश्री वंदना तोमर ,पार्षद गण सुश्री मेघा दुबे,सुश्री याकृति जड़िया,श्रीमती संगीता शैलेश जैन,एसडीएम श्रीमती अदिति यादव, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आरती यादव, डॉ ज्योति चौहान, डॉ ममता तिमोरी, श्रीमती सौम्या समैया सहित बड़ी संख्या में महिला शक्ति मौजूद थी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। मुख्यमंत्री द्वारा बावन करोड़ रू से अधिक की लाड़ली बहना की बाईसवीं किश्त अंतरित की गई। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य हेतु बेटियों, आंगनवाड़ी -आशा कार्यकर्ताओं, ए एन एम, पर्यवेक्षक, एनजीओ, को सम्मानित भी किया गया।
0 Comments