महोबा। विकासखंड चरखारी क्षेत्र के ग्राम ऐंचाना में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब दो युवक नहाते समय सीहो नदी पर बने चेकडैम में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद सुरेश कुशवाहा (24) पुत्र दुर्गा कुशवाहा का शव बरामद कर लिया गया, जबकि रज्जू धुरिया (26) पुत्र नवलकिशोर धुरिया अब तक लापता है। उसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
दोनों युवक सुबह करीब 10 बजे नहाने गए थे, तभी यह हादसा हुआ। मृतक और लापता दोनों मजदूरी का कार्य करते थे। रज्जू धुरिया का विवाह छह माह पूर्व ही हुआ था, घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मौके पर थानाध्यक्ष खरेला सुषमा चौधरी एवं नायब तहसीलदार हेमकांत त्रिपाठी पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परिजनों को दैवीय सहायता योजना के तहत आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।
0 Comments