पन्ना । दीपावली के पावन पर्व पर भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की पूजा की परम्परा सदियों से चली आ रही है, इस पर्व को देश का कायस्थ समाज बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाता है। वहीं 21 अक्टूबर 2025 को पन्ना नगर के श्री जुगल किशोर मंदिर के पास स्थित भगवान श्री चित्रगुप्त मंदिर में कायस्थ समाज जिला अध्यक्ष बिंदु खरे के नेतृत्व में कायस्थ समाज के लोगों के द्वारा दीपावली का पर्व इस बार भगवान श्री चित्रगुप्त मंदिर में विशेष हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। चित्रगुप्त मंदिर को हजारों दीपों से सजाया गया जिससे मंदिर जगमगा उठा। श्रद्धालुओं और भक्तगणों ने मिलकर मंदिर परिसर में 2100 दीपक प्रज्वलित किए। यह दृश्य इतना मनमोहक था कि मानो अयोध्या की राम जन्मभूमि का उत्सव जीवंत हो उठा हो। कायस्थ समाज के लोगों ने बताया कि चित्रगुप्त मंदिर में हर बार दीपावली का उत्सव मनाया जाता रहा है लेकिन इस बार 2100 दीपों से मंदिर सजा करके दीपावली का उत्सव भव्य रूप से मनाया गया है। भगवान श्री चित्रगुप्त मंदिर में हुए भव्य कार्यक्रम से पन्ना नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
0 Comments