- मृतकों में दो सगे भाई
- भैंस तलाशने घर से निकले थे चारों युवक
सागर। जिले के रहली थाना अंतर्गत रविवार की सुबह रहली- देवरी मार्ग पर अनंतपुर के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के चार युवकों की जान चली गई। घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया। सभी मृतक अनंतपुरा निवासी है। जो सिमरिया की तरफ मोटरसाइकिल से जा रहे थे तभी रास्ते में बस ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें घटनास्थल पर सभी नव युवकों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान शिवम पिता रामचरण पाल 18 वर्ष, सत्यम पिता रामचरण पाल उम्र 17 वर्ष, प्रांशु पिता खुमान पाल उम्र 14 वर्ष, उमेश पिता चेतू पाल उम्र 16 वर्ष के रूप में हुई है। मृतकों में शिवम और सत्यम दो सगे भाई हैं। चारों युवक अनंतपुरा के एक ही परिवार के हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार चारों युवक भैंस की तलाश में घर से निकले थे। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार बाइक सामान्य रफ्तार में थी, उसी समय सिमरिया से दमोह जा रही बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक हवा में उछलकर सड़क किनारे पड़े पत्थरों पर जा गिरे। गंभीर चोट आने की वजह से मौके पर ही चारो युवकों की मौत हो गई तो वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना है कि चारों युवक सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे तभी बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सकरी सड़क आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।
मृतकों के परिवार से मिले देवरी विधायक
हादसे की सूचना मिलते ही देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। विधायक श्री पटैरिया ने बताया कि वे बंडा में होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन घटना की खबर मिलते ही वहीं से लौटकर मौके पर पहुंच गए। विधायक ने कहा कि एक ही परिवार के चार बच्चों की दर्दनाक मौत बेहद दुखद है। पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने की मांग भी की है।
0 Comments