Header Ads Widget

अनियंत्रित होकर बस घर में घुसी, बुजुर्ग व बालक घायल — कुलुआ ग्राम में मचा हड़कंप


निवाड़ी। मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम कुलुआ में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया जब सोना कंपनी की यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसी। हादसे में घर के बाहर बैठे एक बुजुर्ग आदिवासी व एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। बस निवाड़ी से पृथ्वीपुर की ओर जा रही थी। कुलुआ गांव के मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण चालक का नियंत्रण बस पर से हट गया और वाहन सीधे आदिवासी मोहल्ले में बने एक मकान में जा टकराया। दुर्घटना में दो मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बीच सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही निवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने के प्रयास किए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवाड़ी लाया गया, जहां डॉ. आर.सी. मलारया ने प्राथमिक उपचार प्रदान किया।
ग्रामीणों के अनुसार, बस चालक लापरवाहीपूर्वक अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments