Header Ads Widget

शिवराज बताएं महू में लाड़ली बहना के साथदुष्कर्म, हत्या की घटना कैसे हो गई: विभा पटेल


सीएम ने कलेक्टर और एसपी को सस्पेंड क्यों नहीं किया
विकास के मामले में बुंदेलखंड के सौतेला व्यवहार क्यों किया गया
गिरीश कुमार खरे
टीकमगढ़ ! मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं भोपाल की पूर्व महापौर श्रीमती विभा पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के कार्यकाल में महिला अत्याचार में मध्य प्रदेश नंबर वन है। आए दिन किसी न किसी जिले से लाड़लियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं सुनने को मिल रही है। आदिवासी महिलाओं का भी उत्पीड़न हो रहा है। ताजा मामला इंदौर के महू का है। यहां एक आदिवासी युवती के साथ दबंगों ने गैंगरेप करने के बाद उसकी हत्या कर दी। ये अत्यंत दुखद और शर्मनाक है। 
श्रीमती विभा पटेल ने मुख्यमंत्री से पूछा कि मामाजी इसका जवाब दें? लाड़ली बहन के साथ ये जघन्य घटना कैसे घट गई? इससे साबित है कि मध्य प्रदेश में जंगलराज की स्थिति है। इस मामले में कलेक्टर और एसपी को सस्पेंड नहीं किया गया, जबकि पूर्व में उन्होंने कहा था कि ऐसी कोई घटना होने पर कलेक्टर और एसपी का निलंबन होगा। अब मामले में लीपापोती की जा रही है।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार के राज में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। वह बेरोजगारी से परेशान है। प्रदेश की भाजपा सरकार एक लाख युवकों को रोजगार देने का केवल झूठा वादा कर रही है। महिलाओं, युवाओं, किसानों, निम्न एवं मध्यम वर्ग सहित पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों को भ्रमित कर रही है।  प्रदेश में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस समेत खाद्य एवं जीवनपयोगी वस्तुओं के दामों में बढ़ोतरी से महंगाई बेलगाम है। लोगों का जीवनयापन करना मुश्किल हो गया है।  प्रदेश की अर्थ व्यवस्था कृषि पर निर्भर है। खुद को किसानों का हितचिंतक के रूप में प्रचारित करने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के राज में कृषक खुद परेशान है।   
श्रीमती विभा पटेल ने बताया कि बुंदेलखंड में अकेले टीकमगढ़ में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार  59 हजार किसानों का कर्जा पहली लिस्ट में माफ किया था, यह एक शुरुआत थी। लेकिन शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने कर्ज माफी पर ब्रेक लगा दिया। ये उनके चाल-चरित्र का प्रदर्शन करता है। 
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि कमलनाथजी की सरकार ने  100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी लेकिन हुआ क्या? आज बिजली दरों की स्थिति किसी से छुपी नहीं है। ये भी जान लीजिए कि पिछले दरवाजे से दोबारा बिजली ट्रैरिफ बढ़ाने के प्रस्ताव को  अमल लाने की तैयारी चल रही है। आज भाजपा सरकार ने ₹50 घरेलू गैस सिलेंडर पर बढ़ाकर महिलाओं के किचन पर चोट की है। इसी तरह दूध के दाम भी साल भर में नौ बार बढ़ाए जा चुके हैं।आज रसोई में उपयोग आने वाली हर चीज महंगी हो चुकी है। और महिलाएं महंगाई से परेशान है ,पर भाजपा इस पर रोक नहीं लगा रही है।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि बुंदेलखंड की पहचान भारतीय संस्कृति के प्रतीक के रूप में है।  बुंदेलखंड का इतिहास वैभवशाली होने के साथ समृद्धशाली रहा। लेकिन शिवराज सिंह चौहान ने बुंदेलखंड की बुनियादी समस्याओं को हल करने, यहां के युवाओं को रोजगार देने, किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य दिलाने, महिलाओं की रक्षा करने के मामले में उपेक्षा की है। सच कहूं तो बुंदेलखंड के साथ सौतेला व्यवहार शिवराज सिंह चौहान सरकार ने किया है। यहां शैक्षणिक, चिकित्सीय, परिवहन सहित अन्य नगरीय सेवाओं का विस्तार नहीं किया गया। यहां उद्योगों का जाल नहीं बिछा। समूचे बुंदेलखंड में पर्यटन की अपार सं‌भावनाएं है लेकिन पर्यटन के नक्शे में ये सबसे पीछे हैं। बुंदेलखंड भाजपा शासनकाल के 18 वर्षों में इतना उपेक्षित क्यों रहा ? इस सवाल का जवाब घोषणावीर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को देना होगा। श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अब सीएम शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में अपनी ब्राडिंग करने की खातिर झूठे वादे कर रहे हैं। लेकिन प्रदेश की जनता अब सीएम शिवराज सिंह चौहान के बहकावे में नहीं आएगी। जनादेश कांग्रेस को मिलना तय है। कार्यक्रम का आयोजन महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीमती पूनम रजनी जायसवाल ने किया, कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती कविता पांडे, महामंत्री श्रीमती राजलक्ष्मी नायक, पूर्व जिला अध्यक्ष राम कुमारी द्विवेदी, जिला प्रभारी श्रीमती आस्था तिवारी , पूर्व सांसद प्रत्याशी श्रीमती किरण अहिरवार, जिला अध्यक्ष नवीन साहू, जिला महामंत्री पार्थ सिंह देव आदि उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments